बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कोर्ट ने निगरानी विभाग के कांस्टेबल शशि भूषण प्रसाद की संपत्ति जब्त करने का दिया आदेश, पटना डीएम को 30 दिनों की मोहलत

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के बीच निगरानी विभाग के ही एक कांस्टेबल शशि भूषण प्रसाद और उनके परिवार की संपत्ति का मामला सामने आया है।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कोर्ट ने निगरानी विभाग के कांस्टेबल शशि भूषण प्रसाद की संपत्ति जब्त करने का दिया आदेश, पटना डीएम को 30 दिनों की मोहलत
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के बीच निगरानी विभाग के ही एक कांस्टेबल शशि भूषण प्रसाद और उनके परिवार की संपत्ति का मामला सामने आया है। इस मामले में माननीय न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए पटना जिलाधिकारी (डीएम) को 30 दिनों के अंदर संबंधित संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

जानकारी के अनुसार, शशि भूषण प्रसाद और उनके परिवार के खिलाफ वर्ष 2019 में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद वर्ष 2021 में निगरानी थाना की ओर से बिहार स्पेशल कोर्ट से संबंधित प्रावधानों के तहत आवेदन दाखिल किया गया था।

मामले में जांच के दौरान शशि भूषण प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर पटना, जहानाबाद समेत अन्य स्थानों पर करीब 13 प्लॉट और मकान होने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा संपत्ति से जुड़ी लगभग 14 अन्य मदों का भी उल्लेख किया गया है। परिवार के सदस्यों के नाम पर बैंक खाते भी पाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि शशि भूषण प्रसाद निगरानी विभाग में कांस्टेबल के पद पर नियुक्त हैं। उनकी दो पत्नियों और भाइयों के नाम पर भी संपत्ति अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब इन संपत्तियों के स्रोत और आय के अनुपात में अर्जित संपत्ति का मामला न्यायालय के समक्ष है।

इसी मामले में माननीय न्यायालय की ओर से पटना डीएम को निर्देश दिया गया है कि 30 दिनों के भीतर संबंधित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित पक्ष को भी संपत्ति के संबंध में अपना पक्ष और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिए जाने की जानकारी है।

निगरानी विभाग के ही एक कर्मचारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का यह मामला अब काफी अहम हो गया है। न्यायालय के आदेश के बाद अब जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।